शहर के बागला मार्ग स्थित ज्वेलरी के शोरूप में आभूषण पसंद करते ग्राहक। संवाद
- फोटो : samvad
रवि पुष्य नक्षत्र और सर्वार्थ सिद्धि योग के महासंयोग ने रविवार को शहर के बाजारों में रौनक बढ़ा दी। शुभ मुहूर्त में खरीदारी के लिए सुबह से ही सर्राफा बाजार और ज्वैलरी शोरूम में ग्राहकों की भीड़ उमड़ी। सोने-चांदी के दामों में आई नरमी ने भी खरीदारी का उत्साह बढ़ाया।
दीपावली और धनतेरस से पहले लोगों ने चांदी के सिक्के, बर्तन, लक्ष्मी-गणेश की चांदी और मेटल की प्रतिमाएं खरीदीं। वैवाहिक सीजन को देखते हुए 18 और 22 कैरेट के हल्के व डिजाइनर आभूषणों की भी मांग रही। कारोबारियों के मुताबिक सामान्य दिनों की अपेक्षा बाजार में अधिक ग्राहक पहुंचे और देर शाम तक खरीदारी होती रही।
पुष्य नक्षत्र का धार्मिक महत्व
ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार 27 नक्षत्रों में पुष्य को नक्षत्रों का राजा माना जाता है। रविवार को पुष्य नक्षत्र पड़ने से रवि पुष्य योग बनता है। सर्वार्थ सिद्धि योग के साथ इसका संयोग खरीदारी और नए कार्यों के लिए शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इस मुहूर्त में खरीदी गई सोने-चांदी की वस्तुएं घर में सुख-समृद्धि लाती हैं।
- सोने-चांदी के दामों में गिरावट और शुभ मुहूर्त के चलते ग्राहकों ने चांदी के सिक्के, बिस्कुट और लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं की खरीदारी की।- वरुण कटारिया, ज्वेलर्स।
- रवि पुष्य नक्षत्र पर पूजन सामग्री और हल्के आभूषणों के साथ 18 कैरेट हॉलमार्क ज्वैलरी की मांग रही। रविवार और सर्वार्थ सिद्धि योग से बाजार में ग्राहकों की अच्छी भीड़ रही।- संदीप जैन, ज्वेलर्स