क्षेत्र के गांव खुटीपुरी निवासी राजमिस्त्री सोनवीर (40) की मथुरा के गांव जावरा में नवनिर्मित मकान की छत के गिरने से उसके मलबे में दबकर मौत हो गई। परिवार के लोग शव को गांव ले आए। मुरसान पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सोनवीर पुत्र भिक्की राम निवासी खुटीपुरी के चचेरे भाई धर्मेंद्र का कहना है कि सोनवीर 15 मार्च से मथुरा के मांट क्षेत्र के गांव जावरा में एक घर पर राजमिस्त्री का काम कर रहे थे। रविवार की सुबह करीब 11 बजे नवनिर्मित छत पर काम करते समय अचानक छत गिर गई, जिसके मलबे में वह दब गए। आसपास व अन्य लोगों ने सोनवीर को मलबे से निकाला और नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
धर्मेंद्र का कहना है कि सोनवीर से कुछ की दूरी पर उनके बहनोई पप्पू निवासी गांव बहादीन मांट भी राजमिस्त्री का काम कर रहे थे। उन्होंने सोनवीर के परिजनों को यह सूचना दी। धर्मेंद्र का कहना है कि सोनवीर दो भाई हैं।
उनके बड़े भाई कुंवरपाल भी राजमिस्त्री का काम करते हैं। मुरसान कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र प्रताप गिरी का कहना है कि राजमिस्त्री की मौत मांट क्षेत्र के गांव जावरा में हुई है। परिजनों के कहने पर हाथरस में शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।