विद्यार्थियों को हाथरस से लगभग सात किलोमीटर दूर गांव टुकसान के मॉडल स्कूल के भवन में पढ़ाई के लिए जाना पड़ता था। पिछले पांच सालों से केंद्रीय विद्यालय का संचालन टुकसान में हो रहा है। अब केंद्रीय विद्यालय को अपना नया भवन मिल गया।
आदर्श आचार संहिता लगने से पूर्व हाथरस जिले को केंद्रीय विद्यालय के नए भवन की सौगात मिल गई है। 16 मार्च सुबह शहर के बीचों बीच तालाब चौराहा के निकट बने केंद्रीय विद्यालय भवन का लोकार्पण सांसद राजवीर सिंह दिलेर, सदर विधायक अंजुला माहौर व भाजपा जिलाध्यक्ष शरद माहेश्वरी ने किया।
विज्ञापन
लंबे इंतजार के बाद लगभग 20.70 करोड़ रुपये की लागत से मात्र 18 माह में चार मंजिला भवन का निर्माण किया गया है। 15 मार्च शाम ही आदर्श आचार संहिता लगने की सुगबुगाहट के चलते अचानक केंद्रीय विद्यालय भवन का लोकार्पण करने के निर्देश मिलने के बाद इसकी तैयारी शुरू की गई थी। 16 मार्च सुबह कई विद्यार्थियों व अभिभावकों की मौजूदगी में अतिथियों ने नए भवन का लोकार्पण किया। विद्यालय प्रशासन के अधिकारियों व विद्यार्थियों ने अतिथियों का सम्मान किया। बच्चों ने स्वागत गीत के साथ अन्य प्रस्तुतियां दीं। राष्ट्रीय गान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
माना जा रहा है कि नए शैक्षिक सत्र की कक्षाएं नए भवन में ही संचालित की जाएगी। अभी विद्यार्थियों को शहर से लगभग सात किलोमीटर दूर गांव टुकसान के मॉडल स्कूल के भवन में पढ़ाई के लिए जाना पड़ता था। पिछले पांच सालों से केंद्रीय विद्यालय का संचालन टुकसान में हो रहा है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से आगरा से केंद्रीय विद्यालय संगठन के उपायुक्त शेक ताजुद्दीन, सांसद प्रतिनिधि राजेश सिंह गुड्डू, प्रधानाचार्य नरेश कुमार, अभिभावक संघ से अतुल जैन एडवोकेट, नीरज कुमार महाशय, पीयूष गुप्ता एडवोकेट, बौबी के अलावा डॉ. गीता वर्मा, मंजीत कौर, पिंकी मीना, वंदना, सोनिया, अरुण कुमार, तरुण सक्सेना, पंकज कुमार, सिद्दीकी सर की उपस्थिति रही। संचालन शिक्षिका सुरभि मित्तल ने किया।