टैंपों से आभूषण चोरी होने पर विलाप करती महिला
- फोटो : संवाद
हाथरस के तालाब चौराहा पर टेंपो से उतरी महिला के बैग में रखे पर्स से जेवर चोरी होने पर हंगामा हो गया। महिला को रोता-बिलखता देख लोग जमा हो गए। महिला के अनुसार बैग में रखे पर्स में लगभग दस लाख रुपये के जेवर थे, इसमें सोने का एक हार, मंगलसूत्र और पांच अंगूठियां थीं। पुलिस ने टेंपो को कब्जे में ले लिया है। सीसीटीवी के जरिये सवारियों की तलाश की जा रही है।
गांव नयाबांस हाथरस निवासी रश्मि शाक्य 22 नवंबर को अपने भाई की शादी में मैनपुरी गईं थीं। शादी के बाद 23 नवंबर की सुबह वे हाथरस के लिए निकली थीं। सिकंदराराऊ के पंत चौराहे पर पहुंचने के बाद वे हाथरस के लिए बस का इंतजार कर रही थीं। बस न मिलने पर वे ई-टेंपो में बैठ गईं। साथ में दो छोटे बच्चे भी थे। उन्होंने बैग अंदर ही रखा था।
टेंपो में कुछ और महिलाएं भी थीं तथा दो-तीन पुरुष सवार थे। दोपहर लगभग ढाई बजे वे हाथरस के तालाब चौराहे पर उतरीं। यहां उतरते ही उन्होंने देखा कि बैग खुला हुआ है। देखा तो अंदर जिस पर्स में जेवर रखे थे, वह गायब था। इससे महिला परेशान हो गई। इस बीच बाकी सवारियां जा चुकी थीं। टेंपो व उसका चालक वहीं था। महिला ने वहां हंगामा कर दिया। जिससे काफी लोग जमा हो गए। सवारियां को तलाशा गया, लेकिन कोई नहीं मिला।
हंगामे की जानकारी पर कोतवाली सदर पुलिस पहुंच गई। महिला ने पुलिस को बताया कि उसके बैग में रखे पर्स में सोने का एक हार, मंगलसूत्र और पांच अंगूठियां थीं, जिनकी कीमत लगभग आठ से दस लाख रुपये है। महिला ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। इसके बाद पुलिस ने तालाब चौराहा, सासनी गेट चौराहा व शराब के ठेके पास लगे कैमरे भी चेक किए। शाम तक पर्स का कुछ पता नहीं चल सका था। सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया कि टेंपो चालक से पूछताछ की गई है। वहीं सवारियों की भी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।