महिला ई-रिक्शा में बैठीं। उनके कपड़े के बैग को चालक ने अपने पैरों के पास रख लिया। बैग में कपड़ों के साथ दो सोने की अंगूठियां, कानों के झुमके और एक चेन-पेंडल रखा था। कुछ दूरी तय करने के बाद चालक ने वाहन खराब होने की बात कहकर उन्हें उतार दिया।
हाथरस जनपद में थाना हसायन क्षेत्र के गांव शीतलवाड़ा स्थित मायके जा रही महिला ने ई-रिक्शा चालक पर बैग से स्वर्ण आभूषण पार करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले की तहरीर कोतवाली में दी है।
विज्ञापन
बुलंदशहर जनपद के मऊआ खेड़ा की निवासी पंकज देवी ने तहरीर में कहा है कि वह 24 अप्रैल की दोपहर करीब एक बजे गांव से अपने मायके गांव शीतलवाड़ा थाना हसायन जा रही थीं। हाथरस रोड स्थित बैंक ऑफ इंडिया के सामने से ई-रिक्शा में बैठीं। उनके पास एक कपड़े का बैग था। जिसे ई-रिक्शा चालक ने अपने पैरों के पास रख लिया। बैग में कपड़ों के साथ दो सोने की अंगूठियां, कानों के झुमके और एक चेन-पेंडल रखा था।
महिला का आरोप है कि कुछ दूरी तय करने के बाद हाथरस रोड स्थित गांव नगला विजन मार्ग के पास चालक ने वाहन खराब होने की बात कहकर उन्हें उतार दिया। इसके बाद वह दूसरे वाहन से अपने गांव पहुंचीं। घर पहुंचकर जब पीड़िता ने बैग खोला, तो उसमें केवल कपड़े मिले, जबकि सोने के जेवर गायब थे। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शिवकुमार शर्मा ने बताया कि घटना की तहरीर मिल गई है। सीसीटीवी फुटेज निकलवाई जा रही है और मामले की जांच जारी है। रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।