न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के लिए फिलहाल राहत भरी खबर है। फिलहाल, आठ में से सात जमातियों की कोरोना संबंधी रिपोर्ट निगेटिव आई है। एक जमाती का ब्लड सेंपल खराब होने के कारण उसके सेंपल को फिर से जांच के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा जाएगा।
उल्लेखनीय है पिछले दिनों सासनी पुलिस ने एक मस्जिद से कुछ जमाती पकड़े थे। इससे अलावा हाथरस कोतवाली पुलिस ने भी आजमगढ़ के कुछ जमाती पकड़े थे। यह सभी दिल्ली से वापस लौटकर यहां आए थे। इन जमातियों के अलावा इनके संपर्क में आए लोगों को भी क्वारंटीन कर इनके ब्लड सेंपल भेजे गए थे। इसमें चार जमातियों के कोरोना संक्रमित मिले थे तो यहां प्रशासन में खलबली मच गई थी। यह चारों इस जिले से बाहर के हैं। इनमें तीन पश्चिमी बंगाल व एक झारखंड का है। इन सभी को कोविड-1 हॉस्पीटल भेजा गया था। इसके उपरांत तीन दिन पहले आठ अन्य जमातियों के ब्लड सेंपल भी भेजे गए थे।
अब इनकी रिपोर्ट आ गई है। इस सिलसिले में डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने बताया कि इनमें से सात की रिपोर्ट निगेटिव आई है। एक सेंपल पूअरली कलेक्डेट होने के कारण इसकी जांच नहीं हो पाई। ऐसे में इसे जांच के लिए फिर भेजा जाएगा। वहीं सीएमओ डॉ.बृजेश राठौर का भी यही कहना है कि एक ब्लड सेंपल खराब होने के कारण उसे फिर से भेजा जाएगा। सात की रिपोर्ट निगेटिव आई है।