संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
गांव बिछिया के निकट बनने वाली जेल का निर्माण 174 करोड़ रुपये की लागत से होगा। लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) से इसका प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है। अब लखनऊ से ही टेंडर प्रक्रिया आदि को पूरा किया जाएगा। उसके बाद जेल का निर्माण शुरू होगा। जेल के निर्माण के लिए जमीन का अधिग्रहण किया जा चुका है।
उल्लेखनीय है कि हाथरस को जिला बने 24 साल हो चुके हैं लेकिन अभी तक यहां जेल नहीं बनी है। यहां के बंदियों को अभी भी कोर्ट से अलीगढ़ कारागार भेजा जाता है और वहीं से पेशी पर उन्हें यहां लाया जाता है। इससे स्थानीय पुलिस व अलीगढ़ में कारागार प्रशासन को तो काफी समस्याओं का सामना करना ही पड़ता है। बंदियों की सुरक्षा भी कई बार खतरे में पड़ चुकी है।
जिला बनने के बाद जेल के निर्माण के लिए कोशिशें तेज हो गई। इसके लिए इगलास रोड पर गांव बिछिया में जमीन भी अधिग्रहित की जा चुकी है। कोरोना काल से पहले लोनिवि अधिकारियों ने भूमि का लेबलिंग सर्वे आदि के काम को पूरा किया। लोनिवि एक्सईएन आनंद कुमार का कहना है कि जेल निर्माण का 174 करोड़ रुपये का प्राक्कलन तैयार कर शासन को भेजा गया है।