मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित ने शुक्रवार को विकास भवन में सभी पंचायत सचिवों एवं सहायक विकास अधिकारियों के साथ विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने 15 फरवरी तक शत-प्रतिशत परिवारों को फैमिली आईडी से संतृप्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जल संचयन–जन भागीदारी अभियान के तहत 70 रूफ टॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग और 3200 सोक पिट निर्माण के लक्ष्य को 28 फरवरी तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए सोक पिट एवं रूफ टॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग निर्माण के लिए प्रेरित करने और ग्राम पंचायतों के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर भी रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित कराने के निर्देश दिए।
गोवंश के लिए हरे चारे, भूसा एवं दाने की पर्याप्त व्यवस्था के लिए ग्राम पंचायतों से 15 प्रतिशत पूलिंग की धनराशि तत्काल संबंधित ग्राम पंचायत के खाते में हस्तांतरित करने को कहा गया। मुख्य विकास अधिकारी ने केंद्रीय एवं राज्य वित्त आयोग की धनराशि का 99 से 100 प्रतिशत वित्तीय व्यय करते हुए मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर ए-प्लस ग्रेड प्राप्त करने के निर्देश भी दिए।