एमजी पॉलीटेक्निक में ईवीएम की सुरक्षा का जायजा लेते डीएम,एसपी।
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस। लोकसभा चुनाव 2019 की मतदान प्रक्रिया में प्रयुक्त ईवीएम, वीवीपैट, सीयू और बीयू के स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था का डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार और एसपी सिद्धार्थ शंकर मीणा ने निरीक्षण किया। डीएम ने स्ट्रांग रूम पर कड़ी नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्ट्रांग रूम के सुरक्षा व्यवस्था प्रभारी रवि नायक से प्रत्येक कमरे में लगे सीसीटीवी के जरिए लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।
डीएम ने सैन्य बलों से लगातार चौकन्ना रहने के निर्देश दिए। डीएम तथा एसपी ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम में बैठकर टीवी स्क्रीन से सभी क्षेत्रों का अवलोकन किया। इस दौरान प्रत्येक सीसीटीवी कैमरों को खुलवाकर पुरानी रिकॉर्डिंग को भी देखा। उन्होंने सीसीटीवी ऑपरेटर से टीवी स्क्रीन पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। डीएम ने सीसीटीवी ऑपरेटर से निरीक्षण के दौरान आने वाले सभी संबंधित अधिकारियों के हस्ताक्षर रजिस्टर में लेने को कहा।
निरीक्षण के अवसर पर स्ट्रांग रूम एमजी पॉलिटेक्निक परिसर के सभी सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में पाए गए। डीएम ने प्रत्येक समय की रिकॉर्डिंग को संरक्षित करने के निर्देश दिए, जिससे प्रत्येक पल की किसी भी घटना को अवलोकित किया जा सके। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में लगी फोर्स पूरी मुस्तैदी से स्ट्रांग में रखे ईवीएम, वीवीपैट, सीयू और बीयू की सुरक्षा कर रही है। एडीएम डॉ. अशोक कुमार शुक्ला, जिला मनोरंजन कर अधिकारी धर्मपाल सिंह तथा संबंधित अधिकारीगण मौजूद थे।