नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मधुगढ़ी का जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बुधवार को औचक निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और निष्प्रयोज्य भवनों को ध्वस्त कराए जाने के निर्देश दिए। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
डीएम ने केंद्र पर तैनात कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली की जानकारी ली। प्रभारी चिकित्सक डाॅ. स्वाति गुप्ता ने बताया कि केंद्र पर एक-एक चिकित्सक, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन, स्टाफ नर्स तथा दो सपोर्ट स्टाफ तैनात हैं, जबकि एक स्टाफ नर्स का पद रिक्त है।
स्वास्थ्य केंद्र में प्रकाश व्यवस्था अपर्याप्त मिलने पर डीएम ने सीएमओ को विद्युत व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने लैब टेक्नीशियन से लैब जांच की जानकारी ली और स्टाफ नर्स अनुजा सिंह से टीकाकरण और परिवार नियोजन कार्यक्रमों की प्रगति जानी। उन्होंने परिसर में उगीं झाड़ियां व घास कटवाने के निर्देश दिए।