आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग के डिवाइडर पर लगी रेलिंग पर पेंट करते कर्मी। स्रोत : विभाग
- फोटो : samvad
सर्दी के मौसम की शुरुआत के साथ ही कोहरे के बढ़ते असर को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर कोहरे के दौरान दुर्घटनाओं की संभावना को कम करने के उद्देश्य से ब्लिंकर्स, रिफ्लेक्टर पट्टियों और साइन बोर्डों को फिर से दुरुस्त किया जा रहा है।
एनएचएआई के निर्देश पर टोल कंपनी की ओर से राजमार्ग पर स्थित ब्लिंकिंग लाइट्स की मरम्मत की जा रही और खराब लाइटों को बदला जा रहा है। यह लाइटें धुंध में मार्गदर्शन का काम करती हैं। साथ ही सड़क किनारे लगीं सफेद और पीली पट्टियों को फिर से पेंट किया जा रहा है, ताकि दृश्यता बनी रहे और वाहन चालकों को सड़क की दिशा का सही अंदाजा मिल सके।
राजमार्ग के कई हिस्सों में लगे ब्लिंकर्स और साइन बोर्ड खराब हो गए हैं, जिससे रात में और धुंध के समय वाहन चालकों को दिशा पहचानने में कठिनाई होती है। इन्हें भी पूरी तरह से सही कराया जा रहा है। बरौस टोल कंपनी के प्रबंधक अमित चौहान ने बताया कि इस अभियान के तहत कैट्स आई, ब्लिंकर, रोड साइन बोर्ड और डिवाइडर की लाइटों को पूरी तरह से सही कराया जा चुका है। यातायात विभाग ने भी वाहन चालकों से अपील की है कि कोहरे के दौरान फॉग लाइट का उपयोग करें, तेज गति से वाहन न चलाएं और निर्धारित लेन में ही चलें।