तहसील सदर क्षेत्र के गांव नगला सामंत निवासी गरीब महिला शारदा देवी ने डीएम को एक शिकायत सौंपी है। उन्होंने गांव के कुछ लोगों पर उनके इंदिरा आवास योजना में बने आवास को तोड़कर जमीन पर कब्जा करने के आरोप लगाए हैं। महिला अपनी फरियाद लेकर लगातार दर-दर भटक रही है, लेकिन पुलिस-प्रशासन की ओर से अभी तक उसे कोई सहयोग नहीं मिला है।
पीड़ित का कहना है कि उसकी माली हालात खराब होने के कारण उसका गांव नगला सामंत में बीपीएल कार्ड बना हुआ है। गरीबी रेखा से नीचे जीवन-यापन करने के कारण उसको जिला प्रशासन की ओर से वर्ष 1994-95 में इंदिरा आवास योजना का पात्र मानते हुए उसका आवास बनवाया गया था।
वह भूमिहीन अनुसूचित जाति की मजदूर महिला है। परिवार के पालन-पोषण के लिए ईंट-भट्ठा पर मजदूरी करने के लिए बाहर गई थीं। इस दौरान गांव के ही कुछ लोगों ने उसका आवास तोड़कर इस भूमि पर कब्जा कर लिया है। मकान में रखा उसका गिर का सामान भी खुर्द-बुर्द कर दिया है। इन लोगों को नियम विरुद्ध तरीके से सरकारी आवास, शौचालय और बीपीएल कार्ड की सुविधा भी दिलवा दी गई है। इन लोगों के पास 20 बीघा कृषि भूमि एवं अच्छे पक्के मकान एवं चार पहिया वाहन भी हैं। इस मामले में शिकायत के बावजूद पुलिस एवं प्रशासन की ओर से कोई विधिवत कार्रवाई नहीं हुई है।
---------