हाथरस। डब्ल्यूएचओ, यूनीसेफ के अलावा रोटरी क्लब जैसी इंटरनेशनल सामाजिक संस्था देश को पोलियो मुक्त कराने में जुटी हुई हैं। बेहतर माइक्रो प्लान होने के कारण देश इस बीमारी से मुक्त हो रहा है। लेकिन पाकिस्तान इसमें बाधक बना हुआ है। वहां अभी भी पोलियो का वायरस मौजूद है। जिसके चलते भारत पर भी खतरा बरकरार है। यह कहना है रोटरी इंटरनेशनल के कैलीर्फोनिया और कनाडा से आए चार सदस्यों का। शनिवार को एक प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने यह जानकारी दी।
एक रेस्टोरेंट में आयोजित प्रेसवार्ता में क्लब के अध्यक्ष डॉ. आलोक वर्मा ने बताया कि दुनियाभर में देश में तैयार पोलियो के माइक्रो प्लान की सराहना हो रही है। माइक्रो प्लान में एक-एक बच्चे का डिजिटल रिकॉर्ड है, ऐसा कहीं और देखने को नहीं मिलता। इसी रिकॉर्ड के दम पर हम पोलियो को देश से बाहर करने में कामयाब हो सके हैं। टीम के भारत दौरे के बारे में उन्होंने बताया कि रोटरी क्लब इस अभियान को बड़े पैमाने पर फंड दे रहा है। इसलिए क्लब के इंटरनेशनल सदस्य अभियानों की मॉनीटरिंग कर यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि दिया गया फंड सही तरह से इस्तेमाल में लाया जा रहा है या नहीं। रोटरी क्लब ऑफ हाथरस हेरिटेज के डिस्ट्रिक्ट गर्वनर अरुण जैन ने बताया कि हाथरस में पहुंची चार सदस्यीय टीम में कैलीर्फोनिया निवासी स्टीव कूल, लुइस, जेम्स और कनाडा निवासी जेम्स हैं, जिन्होंने शनिवार सुबह पोलियो रैली में शिरकत की। रविवार को वह पोलियो बूथ पर जाकर बच्चों को दवा पिलाएंगे। स्टीव कूल ने बताया कि भारत पर दुनियाभर की निगाह है। अगर भारत में पोलियो फैला तो दुनिया को इसकी चपेट से बचाना मुमकिन नहीं होगा।