आयकर कार्यालय में सोमवार को विभाग की तरफ से अग्रिम कर जमा कराने के लिए विशेष आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता आयकर अधिकारी सुधीर कुमार ने आंकड़ों का हवाला देते हुए चिंता जताई कि हाथरस में फूड, टेक्सटाइल और मेडिकल सेक्टर में पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में इस बार अग्रिम कर संग्रह में गिरावट दर्ज की गई है।
उन्होंने कहा कि जो व्यापारी अथवा करदाता सेल्फ असेसमेंट के रूप में टैक्स जमा करते हैं, वे अपनी वास्तविक आय का सही पुनर्मूल्यांकन करते हुए उसे एडवांस टैक्स के रूप में समय से जमा कराएं।
उन्होंने करदाताओं को नए आयकर अधिनियम के तहत अग्रिम कर भरते समय टैक्स-ईयर 2026-27 का सही प्रयोग करने और विभाग में लंबित चल रही पुरानी बकाया मांग को भी जल्द से जल्द जमा करने का अनुरोध किया। संचालन कार्यालय अधीक्षक अभिनय सिंह ने किया और आभार आयकर निरीक्षक विवेक सिंह ने जताया। मौके पर विभागीय कर्मी पूनम, उषा देवी के अलावा शहर के अनेक प्रमुख करदाता व व्यापारी मौजूद रहे।
अधिवक्ताओं व सीए ने भी किया जागरूक
कार्यक्रम में मौजूद कर अधिवक्ता विनोद कुमार अग्रवाल, वरिष्ठ सीए गिरधर गोपाल, नितिन अग्रवाल, लोकेश वार्ष्णेय, नितिन वार्ष्णेय, आशीष सिंघल, अधिवक्ता रामअवतार अग्रवाल, बीके शर्मा सहित आयकर निरीक्षक विवेक सिंह ने भी करदाताओं को जागरूक करते हुए तय तिथियों पर अग्रिम कर जमा करने की अपील की।