दहेज उत्पीड़न और तीन तलाक के मामले में बीते पांच साल से लापता सासनी के सोनू खां को हाथरस पुलिस, एसओजी और महिला थाना की संयुक्त टीम ने बुलंदशहर के खुर्जा सिटी स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब पता चला कि आरोपी की मां ने अपने बेटे को कानून से बचाने के लिए उसके मरने का ढोंग रचा था और अपनी ही बहू पर हत्या का झूठा केस दर्ज कराने की साजिश रच रही थी।
वर्ष 2021 में थाना सासनी क्षेत्र के आशानगर निवासी सोनू खां पुत्र बहादुर खां के खिलाफ उसकी पत्नी ने मारपीट, दहेज उत्पीड़न और तीन तलाक की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस द्वारा कोर्ट में चार्जशीट दाखिल करने के बाद से ही आरोपी लापता था और अदालत ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था।
एसपी चिरंजीवनाथ सिन्हा ने बताया कि बेटे को बचाने के लिए उसकी मां रसीदन ने कोर्ट में एक वाद दायर कर अपने बेटे को मृत घोषित कराने की कोशिश की। इतना ही नहीं, मां ने आईजीआरएस पोर्टल के जरिए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी बहू ने ही उसके बेटे की हत्या कर शव गायब कर दिया है।
मामला लंबित होने के कारण एसपी ने विशेष टीम का गठन किया। खुलासे के लिए एसओजी, सर्विलांस और पुलिस की संयुक्त टीम ने जब तकनीकी जांच की, तो पता चला कि आरोपी सोनू जिंदा है और बुलंदशहर के खुर्जा में नाम बदलकर एक कंपनी में काम कर रहा है। मंगलवार को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी सोनू खां को खुर्जा सिटी स्टेशन से धर दबोचा। टीम में एसएचओ सासनी विपिन चौधरी, एसओजी प्रभारी धीरज गौतम और एसओ महिला थाना प्रभारी रितु तोमर शामिल रहीं।