संवाद न्यूज एजेंसी, सासनी।
ग्राम पंचायत सिताहरी में दर्जनों परिवार के सैकड़ों लोगों के नाम मतदाता सूची से गायब हैं। बुधवार को ग्रामीण इसकी शिकायत लेकर तहसील पर पहुंच गए। उन्होंने इसकी शिकायत एसडीएम से की। हालांकि, एसडीएम ने बीएलओ पर नाराजगी जाहिर कर शिकायत से पल्ला झाड़ लिया। अब ग्रामीणों ने राज्य निर्वाचन आयोग से शिकायत करने का मन बनाया है।
दरअसल, ग्राम पंचायत सिताहरी में दर्जनों परिवारों के सैकड़ों लोगों का नाम मतदाता सूची में नहीं आया है। इस पर ग्रामीणों ने बीएलओ को मौके पर बुला लिया। बीएलओ ने बताया कि मैंने जो सूची तहसील में जमा कराई है उसमें सभी का नाम है लेकिन मतदाता सूची में नाम नहीं आया है। इस पर एसडीएम ने बीएलओ को ही फटकार लगा दी।
एसडीएम के इस रवैये से ग्रामीणों में रोष है। अब उन्होंने राज्य निर्वाचन आयोग में इसकी शिकायत करने की बात कही है। शिकायत करने वालों में कुलदीप कुमार, सोनेंद्र कुमार, लोकेश दीक्षित, गवेंद्र कुमार, रोहित सेंगर, महेंद्र पाल सेंगर, ओपी सिंह, अशोक कुमार सेंगर, यतेंद्र कुमार, ज्वाला प्रसाद, मुकेश दीक्षित, जय प्रकाश आदि थे।