रात 11:30 बजे विधि-विधान के साथ पूजा अर्चना के साथ होलिका दहन किया गया। चौराहों पर रखी होलिका में लोगों ने जौ की बालियां भूनीं। लोग अग्नि ले गए और घर के आंगन में रखी होलिका का दहन किया। इस मौके पर होली के गीत और भजन गाए गए। इसके बाद शुभकामनाएं देने का दौर चला। लोगों ने एक-दूसरे को भुने हुए जौ देकर और गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
मधुगढ़ी में सजी होली पर दिखा मेले का दृश्य
शहर के मोहल्ला मधुगढ़ी में होलिका का दहन धूमधाम से किया गया। पूरे बाजार को आकर्षक ढंग से सजाया गया। यहां आधी रात तक मेला लगा रहा। मेले में आए लोगों ने चाट-पकौड़ी का स्वाद लिया। बच्चों ने खिलौने खरीदे। मेले के मद्देनजर आगरा-अलीगढ़ रोड से मथुरा रोड को जाने वाले रास्ते को बंद रखा गया।
20 से 40 रुपये किलो तक बिकीं जौ की बालियां
होलिका में भूनने के लिए शहर में जगह-जगह जौ की बालियों की बिक्री हुई। कहीं ढकेलों पर तो कहीं सड़क किनारे फड़ लगाकर जौ की बालियां बिकती नजर आईं। 20 से 40 रुपये प्रति किलो की दर से इनकी बिक्री हुई।