बदमाशों की गिरफ्तारी के बाद खुलासा करते एसपी सिद्धार्थ शंकर मीणा।
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस। चौथ मांगने गए हिस्ट्रीशीटर मोना ठाकुर को पुलिस ने एक अन्य साथी के साथ घेराबंदी कर मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। यह लोग एक दुकानदार से चौथ मांगने गए थे। उसके पास से पुलिस ने अवैध असलहा बरामद किए हैं। मोना ठाकुर पहले से कई वारदातों में वांछित चल रहा है।
मुरसान गेट पर संजय एसी वाले की दुकान है। शुक्रवार की देररात को यहां पर मोना ठाकुर निवासी नगला इमलिया अपने चार साथियों को साथ लेकर पहुंचा। उल्लेखनीय है कि मोना ठाकुर कुख्यात राजेश टोंटा गिरोह का सदस्य रहा है। हथियारों के दम पर एसी और चौथ मांगने लगा। संजय द्वारा एसी और चौथ नहीं देने पर जान से मारने की नियत से आरोपियों ने पिस्टल से संजय के ऊपर फायर कर दिया, जिससे वह बाल-बाल बचा। गोली चलने की आवाज सुनते ही मुरसान गेट क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
इस बीच किसी ने कोतवाली पुलिस को इस बात की जानकारी दे दी। कोतवाल प्रवेश राणा मय फोर्स के मौके पर पहुंचे, लेकिन इससे पहले बदमाश बाजार में तमंचा लहराते हुए भाग गए। इस बीच मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी कि नवीपुर बंबा पर कुछ बदमाश किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में खड़े हैं। पुलिस वहां पहुंची तो पुलिस पर बदमाशों ने फायर खोल दिया। जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मोना ठाकुर और रोबिन निवासीगण नगला इमलिया को गिरफ्तार कर लिया। इन दोनों सहित हरिओम शर्मा निवासी बाघऊ 174/19धारा 147/148/149/307/386 में वांछित चल रहे थे। शुक्रवार को इन तीन में से दो को पकड़ने में पुलिस को कामयाबी मिल गई।
इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए एसपी सिद्धार्थ शंकर मीणा ने बताया कि ये लोग शहर में अपनी धौंस जमाकर व्यापारियों से अपने आप को राजेश टोंटा गैंग का बताकर अवैध वसूली करते थे। मोना ठाकुर पर नौ और रोबिन शर्मा पर पांच मुकदमे हाथरस, अलीगढ़ और मथुरा जनपद में दर्ज हैं। एएसपी सिद्धार्थ वर्मा, सीओ सादाबाद योगेश कुमार मौजूद थे। बदमाशों को गिरफ्तार करने वाली टीम में एसएचओ प्रवेश राणा, एसआई प्रमोद कुमार शर्मा, प्रमोद कुमार, महेश गौतम, अनिल यादव, दिलशाद, धर्मेंद्र खारी, अंकित कुमार, दीपक कुमार, ललित कुमार शामिल थे।