अगर आप हेलमेट बिना पहने घर से निकल रहे हैं तो ऐसा करना आपके जीवन को खतरे में डाल सकता है, साथ ही ट्रैफिक पुलिस की नजर अगर आप पर पड़ी तो चालान कटने से जेब भी ढीली हो सकती है। पुलिस जल्द ही हेलमेट को लेकर अभियान चलाने जा रही है। सितंबर के पूरे महीने पुलिस हेलमेट को लेकर लोगों को जागरूक करेगी।
एसपी अजयपाल शर्मा का कहना है कि सड़क पर वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ी है और उसी अनुपात में हादसों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी है कि वह हेलमेट पहनें। हेड इंजरी के कारण ज्यादातर लोग हादसों के बाद अपनी जान गंवाते हैं।
हेलमेट लोगों को हेड इंजरी से बचाता है। एसपी ने बताया कि अभियान के दौरान स्कूलों में बच्चों को हेलमेट के बारे में बताया जाएगा। लोगों को भी जागरूक किया जाएगा। जो लोग हेलमेट पहनकर वाहन नहीं चलाएंगे, उनका चालान किया जाएगा।
चालान में जो जुर्माना लोगों को देना पड़ता है, उतने ही रुपयों में कुछ और रुपये मिला दिए जाएं तो एक हेलमेट आ जाता है। लोगों को चाहिए कि वह हेलमेट खरीद लें। वहीं टीएसआई जगवीर सिंह का कहना है कि हेलमेट के अभियान को लेकर योजना तैयार कर ली ग्रई है। जल्द ही शहरभर में लोगों को इसके लिए जागरूक किया जाएगा।