सत्र न्यायाधीश सतेंद्र कुमार के न्यायालय में सत्संग हादसे का मामला विचाराधीन है। सोमवार को इस मामले में बचाव पक्ष के अधिवक्ता के न आ पाने की वजह से सुनवाई नहीं हो पाई। अब न्यायालय ने इस मामले में 5 अप्रैल को सुनवाई होगी।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष दो जुलाई को सिकंदराराऊ के गांव फुलरई मुगलगढ़ी में आयोजित सूरजपाल उर्फ नारायण साकार हरि के सत्संग के बाद भगदड़ मच गई थी। हादसे में 121 लोगों की मौत हो गई थी और करीब 250 लोग घायल हुए थे। न्यायालय में पुलिस ने इस मामले में 11 आरोपियों के विरुद्ध 3200 पेज का आरोपपत्र दाखिल कर दिया है।
इस मामले में पुलिस ने 676 गवाह बनाए हैं। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी देवप्रकाश मधुकर, मेघ सिंह, मुकेश कुमार, मंजू देवी, मंजू यादव, राम लड़ेते, उपेंद्र सिंह, संजू कुमार, रामप्रकाश शाक्य, दुर्वेश कुमार, दलवीर सिंह को आरोप पत्र में आरोपी बनाया है। सत्र न्यायालय में इस मामले में सुनवाई के लिए सोमवार की तिथि नियत थी, लेकिन अभियुक्त पक्ष के अधिवक्ता के सोमवार को न्यायालय न पहुंच पाने की वजह से आरोपों पर बहस नहीं हो पाई।