हाथरस: हादसे के बाद मौके पर जांच करते पुलिस अधिकारी।
- फोटो : SASNI
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
क्षेत्र के गांव नगला गढ़ू में शुक्रवार की दोपहर को खेत पर कांटों की बाड़ लगाने के लिए बबूल के पेड़ पर चढ़कर टहनी काट रहे युवक की हाईटेंशन लाइन के करेंट की चपेट में आकर मौत हो गई। मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। पुलिस भी पहुंच गई। परिवार में कोहराम मच गया। हादसे की जानकारी होने पर पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के भाई ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दे दी है।
दरअसल, अलीगढ़ जिले के कस्बा खैर के मोहल्ला विष्णुपुरी निवासी 23 वर्षीय रंजीत पुत्र त्रिलोकीचंद्र ने क्षेत्र के गांव नगला गढू में अपनी बहन की ससुराल में पट्टे पर कृषि भूमि ले रखी है, जिसमें वर्तमान में उन्होंने सब्जी की फसल बोई हुई है। फसल में पानी लगाने के लिए रंजीत बृहस्पतिवार को अपनी बहन के यहां नगला गढ़ूू आया हुआ था। जंगली जानवरों से खेत की रक्षा के लिए पास ही लगे बबूल के पेड़ पर चढ़कर शुक्रवार की दोपहर को टहनियों की छंटनी कर रहा था। बबूल के पेड़ के ऊपर होकर हाईटेंशन लाइन निकल रही है। रंजीत का इस पर ध्यान नहीं गया और वह टहनी काटने में जुटा रहा।
अचानक बबूल के पेड़ में एचटी लाइन का करंट दौड़ गया, जिससे वह वहीं चिपका रह गया। आसपास के खेतों पर काम कर रहे लोगों ने हाइटेंशन लाइन में धमाका देखा तो उनके होश उड़ गए। तत्काल दौड़कर मौके पर आ गए। युवक को चिपका देखकर उनके पांव तले जमीन खिसक गई। जिसने भी सुना, वह घटनास्थल की ओर दौड़ पड़ा। प्रभारी निरीक्षक अश्विनी कौशिक दलबल सहित मौके पर पहुंच गए। हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दी गई। पेड़ पर लटके शव को नीचे उतरवाया गया। परिवार में कोहराम मच गया। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंचे मृतक के भाई बालकिशन पुत्र त्रिलोकीचंद्र ने घटना की इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर थाने में दी है। मृतक ने अपने पीछे पत्नी एवं एक वर्षीय बच्चे को बिलखता छोड़ा है।