संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र स्थित प्लास्टिक के आयटम बनाने की फैक्टरी में काम कर रहे मजदूर की करंट से मौत हो गई। उसे फैक्टरी से 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवा दिया गया। यहां मृतक के परिजनों ने हंगामा किया। आपसी समझौता होने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
कोतवाली सदर इलाके के मोहल्ला रमनपुर निवासी 26 वर्षीय राहुल पुत्र छोटेलाल अलीगढ़ रोड स्थित औद्योगिक क्षेत्र निवासी रतन राठी निवासी सरक्यूलर रोड की आनंद उद्योग के नाम से प्लास्टिक के आयटम बनाने की फैक्टरी में काम करता था।
मंगलवार की शाम को राहुल फैक्टरी में काम करने के लिए गया था। रात को राहुल फैक्टरी में बोतलों की पैकिंग कर रहा था। बताया जा रहा है कि उसने फंखे को अपनी ओर घुमाया, जिससे उसे करंट लग गया और वह वहीं गिर गया। उसके पास और कोई नहीं था।
फैक्टरी के लोग आए तो राहुल को देखकर उनके होश उड़ गए। 108 एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल भिजवाया गया। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी होने पर परिवार के लोग भी जिला अस्पताल आ गए। परिजन रोने-बिलखने लगे।
परिजनों ने फैक्टरी स्वामी पर लापरवाही का आरोप लगाया और इस दौरान हंगामा भी हुआ। तदुपरांत सभी लोग थाने पहुंच गए। यहां फैक्टरी स्वामी की तरफ से भी लोग आ गए। बातचीत के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।