श्रीराम फूड प्रोडक्ट का निरीक्षण करती एसडीएम अंजलि गंगवार। संवाद
- फोटो : SASNI
संवाद न्यूज एजेंसी, सासनी।
एसडीएम अंजलि गंगवार ने बुधवार को जलेसर रोड स्थित श्रीराम फूड प्रोडक्ट फैक्टरी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान फैक्टरी के मुख्य द्वारा पर ताला लटका मिला। मालिक ने बताया कि फैक्टरी बंद है, यहां कोई कार्य नहीं हो रहा है। लेकिन, जब एसडीएम ने खुलवाकर देखा तो वहां बड़े-बड़े टैंकर रखे हुए थे और श्रमिक छिपे हुए थे। एसडीएम ने फैक्टरी को सीज करते हुए तीन दिन का कारण बताओ नोटिस दिया है।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने देखा कि फैक्टरी बंद है। लेकिन, जब ताला खुलवाने के बाद अंदर प्रवेश किया तो वहां पर बड़े-बड़े कमरे बने थे। कमरे का गहनता से निरीक्षण किया तो वहां टैंकर रखे हुए थे। जिनके पीछे महिलाएं छिपी हुई थी। अन्य कमरों को भी खुलवा कर देखा तो उनमें श्रमिक छिपे हुए थे। टैंकरों में तरल पदार्थ भरा हुआ था।
जिनका प्रयोग बिना किसी मानक के चूरन, चटनी, जूस आदि फूड प्रोडक्ट बनाने में किया जा रहा था। मौके पर कोई भी प्रशिक्षित कर्मी एवं कोई टेकनीशियन नहीं मिला। गुणवत्ता की जांच के लिए कोई प्रयोगशाला नहीं थी। फैक्टरी मालिक एवं सुपरवाइजर श्रमिकों के संबंध में कोई जानकारी नहीं दे सके और न कोई अभिलेख दिखा सके।
इस पर एसडीएम ने फैक्टरी को सीज कर दिया। फूड प्रोडक्ट के नमूने जांच के लिए भेजे गए है। मालिक को तीन दिन का कारण बताओ नोटिस दिया गया है। इस मौके पर शांति व्यवस्था के लिए एसएसआई कृतपाल सिंह मौजूद थे।