संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
बीमारी से परेशान एक महिला ने सोमवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर पुलिस के साथ फॉरेंसिक व डॉग स्क्वायड टीम भी पहुंच गई। टीम ने मौके पर जाकर जांच-पड़ताल की। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र की नेहरू कॉलोनी निवासी रामपाल की पत्नी रेखा देवी (42) काफी समय से बीमार चल रही थी। वह इस बात से दिमागी रूप से काफी परेशान रहती थीं। इसी के चलते सोमवार की सुबह करीब चार बजे उन्होंने घर में पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी।
इस वक्त परिवार के सभी सदस्य सोए हुए थे। उनकी नींद खुली तो रेखा देवी को फांसी के फंदे पर लटका देख होश उड़ गए और रोने-बिलखने लगे। इसकी जानकारी होने पर मोहल्ले के लोग आ गए। पुलिस को इस मामले की जानकारी दी गई।
जिसके बाद फॉरेंसिक टीम व डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंच गई। टीम ने मौका मुआयना किया और फिर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।