न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
आगरा रोड स्थित एक कॉलोनी में एक महिला की गोली लगने से संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। इसकी सूचना पाकर कोतवाली सदर पुलिस भी मौके पर पहुंची लेकिन पुलिस से इस मामले में किसी ने कोई शिकायत नहीं की है।
स्थानीय आगरा रोड एक कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय एक महिला की शुक्रवार की रा त्रि में गोली लगने से मौत हो गई। उसे परिजन आनन-फानन में अलीगढ़ ले गए और वहां मेडिकल कॉलेज में उसे दाखिल कराया। वहां इस महिला ने दम तोड़ दिया। अलीगढ़ में ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
इस बारे में अलीगढ़ पुलिस से सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस उसके घर पर पहुंची तो वहां किसी ने कोई शिकायत नहीं की। इस बारे में कोतवाली निरीक्षक सदर जगदीशचंद्र ने बताया कि इस बाबत कोई शिकायत नहीं की गई है। वैसे यह बात सामने आई है कि दुर्घटनावश पिस्टल चलने से हादसे में इस महिला के कनपटी पर गोली लग गई और उसकी मौत हो गई। यदि कोई शिकायत करेगा तो कार्रवाई की जाएगी।