हाथरस : युवक को गोली मारकर घायल करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए आरोपी युवक व घायल की पत्नी।
- फोटो : HASAYAN
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हसायन क्षेत्र के गांव बरसौली के निकट एक व्यक्ति पर किए गए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक इस व्यक्ति पर जानलेवा हमला कराने में उसकी पत्नी का हाथ था। उसकी पत्नी अवैध संबंधों के चलते अपने पति को रास्ते से हटाना चाहती थी। पत्नी के प्रेमी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर इस व्यक्ति पर जानलेवा फायरिंग की थी, लेकिन फायरिंग में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस पूरे प्रकरण का खुलासा अपर पुलिस अधीक्षक प्रकाश कुमार ने एसपी दफ्तर में किया है।
हसायन क्षेत्र के एक गांव बरसौली निवासी सोनू अपने गांव के निकट भट्ठे पर परचून की दुकान करता है। 18 जनवरी को स्कार्पियो गाड़ी में सवार होकर आए हमलावरों ने उस पर गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल से अलीगढ़ रेफर किया गया। इधर, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी, जिसमें यह बात निकलकर सामने आई कि घायल व्यक्ति की पत्नी ने ही उसकी हत्या कराने की साजिश अपने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी। पुलिस ने आरोपी मोनू उर्फ उमेश कुमार यादव व रविंद्र उर्फ मोटा पुत्र सोनपाल निवासी मोहल्ला अहीरान हसायन, जितेंद्र उर्फ गेंडा पुत्र सोनू उर्फ सौरभ निवासी मोहन का नगला थाना छर्रा अलीगढ़ सहित घायल की पत्नी सरिता को गिरफ्तार कर लिया।
एएसपी प्रकाश कुमार ने बताया कि परचून की दुुकान करने वाले जिस व्यक्ति को गोली मारी गई थी, उस पर हमला कराने में उसकी पत्नी का ही हाथ था। जानलेवा हमला करने वाले तीन अभियुक्तों में से एक मोनू उर्फ उमेश कुमार यादव से उसकी पत्नी के अवैध संबंध थे। इसके चलते पत्नी व उसका प्रेमी उसको रास्ते से हटाना चाहते थे, इसलिए उस पर यह हमला किया गया। घटना में प्रयोग की गई गाड़ी और तमंचा भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष हसायन मृदुल कुमार, प्रभारी एसओजी मुनीशचंद्र, एसआई हरीशचंद्र, तेजेंद्र प्रताप सिंह व अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं।