हाथरस: बाजार नहीं खोलने देने पर पुलिस की जीप को घेरकर खड़े बैनीगंज के व्यापारी।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बाजार खोलने और बंद करने को लेकर शहर में मंगलवार को खासा हंगामा हुआ। शहर का पंजाबी मार्केट जब खुल गया तो बैनीगंज व कुछ अन्य बाजारों के दुकानदारों ने प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए इसका विरोध किया और मौके पर पहुंची पुलिस को घेर लिया। इन लोगों ने वहां बैरिकेडिंग हटा दी। इन लोगों ने अपनी दुकानें भी खोल ली। कुछ लोग कोतवाली सदर भी पहुंच गए और वहां भी इस प्रकरण को उठाया। पुलिस ने इन लोगों को जैसे-तैसे समझा बुझाकर शांत किया और फिर बैरिकेडिंग लगवाई। पुलिस ने हॉटस्पॉट इलाके में गश्त भी की।
दो सप्ताह से ज्यादा समय में शहर के लगभग सभी मुख्य बाजार बंद हैं। सोमवार को पंजाबी मार्केट के दुकानदार प्रशासनिक अधिकारियों से मिले थे और इन लोगों ने कहा था कि जहां संक्रमित निकले हैं, वहां से उनका बाजार दूर है। उनका इस समय सीजन भी चल रहा है, इसलिए उन्हें दुकान खोलने की इजाजत दी जाए। बताते हैं कि अधिकारियों से थोड़ी सहमति मिलने के बाद मंगलवार की सुबह पंजाबी मार्केट में कपड़े की दुकानें दुकानदारों ने खोल दीं। वहां ग्राहक भी आ गए।
इसकी जानकारी जैसे ही निकट बैनीगंज व आसपास के दुकानदारों को हुई तो वहां भी कुछ लोगों ने अपनी दुकानें खोल लीं। आसपास की कुछ और दुकानें खुल गईं। कई जगह से बैरिकेडिंग भी हटा दी गईं। कुछ दुकानदार इस मामले को लेकर कोतवाली सदर पहुंच गए। इसकी जानकारी मिलते ही कोतवाली सदर पुलिस बैनीगंज पहुंचे और दुकानें बंद करने के लिए कहा तो लोगों ने पुलिस को घेर लिया। बैनीगंज के लोगों ने पुलिस प्रशासन पर पक्षपात करने का आरोप लगाया। इन लोगों का कहना था कि जब पंजाबी मार्केट खोलने की इजाजत दे दी गई है तो आखिर वह अपनी दुकानें क्यों नहीं खोल सकते। इसे लेकर वहां हंगामा शुरू हो गया। तदुपरांत पुलिस ने जैसे-तैसे इन लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और दुकानें भी बंद कराई। कुछ बैरिकेडिंग भी पुलिस ने फिर से लगवाई।
हॉटस्पॉट में कुछ इलाकों में सन्नाटा तो कुछ में आवाजाही
हाथरस। शहर के हॉटस्पॉट इलाकों में शामिल कुछ अन्य बाजारों में भी कुछ दुकानें मंगलवार को खुलीं तो वहां कुछ चहल-पहल दिखी। कई स्थानों से लोगों ने बैरिकेडिंग हटाकर आवाजाही की। वहीं शहर में कोरोना से मरीजों की बढ़ती संख्या के चलते लोग दहशत में भी दिखे। काफी इलाके बंद भी रहे और वहां सन्नाटा पसरा रहा। वहीं व्यापारियों की यही मांग रही कि शहर के बाजार खोले जाएं और हॉटस्पॉट का दायरा कम किया जाए।