न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहपऊ/सादाबाद।
हाथरस रोड स्थित एक गेस्ट हाउस के कमरे में मंगलवार की सुबह चौकीदार की पत्नी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सादाबाद कस्बे से सटे गांव शेरपुर निवासी विजयपाल सिंह हाथरस रोड स्थित एक गेस्ट हाउस पर चौकीदारी का काम करता है, इसलिए वह गेस्ट हाउस परिसर में ही बने कमरे में पत्नी पार्वती के साथ रहता था। मंगलवार सुबह जब वह ड्यूटी पूरी करके कमरे में पहुंचा तो उसे उसकी 40 वर्षीय पत्नी पार्वती अचेत हालत में पड़ी मिली। वह उसे इलाज के लिए चिकित्सकों के पास ले गया। वहां चिकित्सकों ने उसकी पत्नी को मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। महिला के गले पर चोट जैसा निशान था, इसलिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। कोतवाली निरीक्षक सादाबाद शिवकुमार शर्मा का कहना है कि महिला की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है। संवाद