संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
विकास खंड की ग्राम पंचायत कजरौठी के संविलियन विद्यालय में रविवार को स्वीप योजना के अंतर्गत जिला निर्वाचन अधिकारी रमेश रंजन की अध्यक्षता में मतदाता जागरूकता एवं हस्ताक्षर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। लोगों को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से मतदान करने के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में अधिकारियों और आम लोगों ने हस्ताक्षर कर मतदान करने की शपथ ली। जिला निर्वाचन अधिकारी रमेश रंजन ने 80 वर्ष कि आयु पूर्ण कर चुके वृद्धजनों की उपस्थिति पर खुशी जताते हुए कहा कि जिस तरह आप लोग आज यहां पर एकत्रित हुए हैं, उसी प्रकार मतदान के दिन शत-प्रतिशत उपस्थित होकर मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपना अहम योगदान दें।
उन्होंने कहा कि मतदान ही लोकतंत्र को मजबूत बनाने की चाभी है, इसका सभी लोग इस्तेमाल कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपना योगदान दें। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग द्वारा इस बार 80 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके तथा दिव्यांग मतदाता जो कि मतदान केंद्र पर पहुंचने में असमर्थ हैं।
उनके लिए मतदान अधिकारी उनके घर पर जाकर उनका मतदान कराएंगे, जिसमें आप अपना सहयोग प्रदान करें और अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें। चुनाव के दृष्टिगत जिले में धारा 144 और आदर्श आचार संहिता लागू है, जिसका सभी लोग अक्षरश: अनुपालन करें।
मतदान एवं मतदान से पूर्व कोई भी व्यक्ति भड़काऊ भाषण, गलत ढंग से मतदान करने के लिए किसी पर दबाव बनाता है अथवा मतदाताओं को लोभ-लालच देता है तो जानकारी होने पर संबंधित के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कराते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने कहा कि यदि आप मतदान के दिन मतदान करने नहीं जाते हैं तो आपकी आने वाली पीढ़ी भी मतदान के महत्व को नहीं समझेगी और वे भी मतदान करने नहीं जाएंगे। मतदान का प्रयोग न करने से लोकतंत्र कमजोर होगा और आगे आने वाले समय में आपके अधिकारों का हनन होगा।
किसी के बहकावे, लालच एवं दबाव में न आएं, बल्कि स्वतंत्र, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से मतदान करें। कोई ऐसा कृत्य न करें, जिससे आपकी और आपके गांव की छवि खराब हो।
मुख्य विकास अधिकारी साहित्य प्रकाश मिश्र, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्रमोहन चतुर्वेदी, उप जिलाधिकारी सादाबाद विपिन शिवहरे, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायतराज अधिकारी जीडी जैन, डीसी मनरेगा, खंड विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान महाराज सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।