न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए तीन जुलाई को मतदान और मतगणना होगी। मतदान के बाद मतगणना की प्रक्रिया पूरी कर परिणाम घोषित किया जाएगा। चुनाव के लिए प्रशासन की ओर से सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग को पल-पल की रिपोर्ट भेजने के लिए भी अधिकारी नामित कर दिए गए हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक कलेक्ट्रेट परिसर स्थित डीएम न्यायालय कक्ष में मतदान होगा। दोपहर तीन बजे के बाद मतगणना कराई जाएगी। इस महत्वपूर्ण चुनाव के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान और मतगणना की सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। मतदान कक्ष में वैध पहचान पत्र के साथ मतदाता को घुसने की अनुमति होगी।
यहां प्रशासन की ओर से मतदान व मतगणना करने को लेकर अफसरों को नामित कर दिया गया है। सभी कार्मिकों को निर्धारित समय से पहले ही अपनी टेबल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के बारे सभी तैनात कार्मिकों को जानकारी दे दी गई है। कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के लिए भी खाका खींच लिया गया है।