हाथरस जिले में मतदाता सूची से मृतक और फर्जी मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे। वहीं, 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र युवाओं के नाम जोड़े जाएंगे। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा की।
एक अक्तूबर 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर नए मतदाताओं के नाम जोड़े जाएंगे। मृतक, स्थायी रूप से स्थानांतरित और डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटेंगे। बीएलओ की एएसडीडी सूची राजनीतिक दलों और बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) से साझा की गई है। किसी पात्र मतदाता का नाम गलती से सूची में शामिल होने पर बीएलओ या निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के पास आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।
डीएम ने फॉर्म-6 भरवाने और सभी मतदान केंद्रों पर बीएलए नियुक्त करने की अपील की। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत तिवारी, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी सुनील वर्मा एडवोकेट, सीपीआईएम जिला सचिव श्याम सिंह वर्मा, सपा जिलाध्यक्ष व उपाध्यक्ष सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।