न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
विजिलेंस टीम ने मंगलवार की सुबह से शाम तक गांवों की खाक छानी। साथ ही नलकूपों का लोड चेक किया। पड़ोसी जिलों की विजिलेंस के आने से उपभोक्ताओं में खलबली मची रही। अब विभाग विजिलेंस की रिपोर्ट पर इन नलकूप उपभोक्ताओं का लोड बढ़ाएगा। माना जा रहा है कि यह टीम अभी जिले में एक-दो दिन और रहेगी।
उल्लेखनीय है कि जिले का बिजली महकमा फर्जीवाड़े को लेकर चर्चाओं में रहा है। फर्जी नलकूप कनेक्शन का मामला शासन तक पहुंचा है। बीते दिनों शासन स्तर से नलकूपों का नियमितीकरण कर दिया, उसके बाद उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग पर बिल में अधिक लोड अंकित करने का आरोप लगाते हुए शिकायत की।
इसकी क्रास चेकिंग करने के लिए मंगलवार को आगरा, अलीगढ़, मथुरा, एटा आदि जिलों की विजिलेंस टीम ने पुलिस के साथ ततारपुर, सलेमपुर, सासनी, सादाबाद, खंडी द्वितीय के इगलास अड्डा क्षेत्र के गांवों में नलकूपों की जांच की। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान भी नलकूपों पर लोड अधिक मिला है। अब विभागीय अधिकारी इसी आधार पर नलकूप उपभोक्ताओं को लोड़ बढ़ाएंगे। अधीक्षण अभियंता हरीमोहन का कहना है कि नलकूपों का विजिलेंस टीम द्वारा शिकायत के बाद क्रॉस चेकिंग की गई है। विजिलेंस की रिपोर्ट पर लोड बढ़ाने की कार्यवाही की जाएगी।