हाथरस: कलेक्ट्रेट सभागार में कोरोना के संबंध में बैठक लेते डीएम।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार की अध्यक्षता में एकीकृत कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर हाथरस में कोविड-19 के संबंध में बैठक हुई। डीएम ने कोरोना की जांच और उपचार के लिए अहम निर्देश दिए।
बैठक में सीएमओ डॉ. बृजेश राठौर ने कहा कि अब तक शासन के निर्देशानुसार सर्विलांस टीमों द्वारा घर-घर जाकर सर्वे किया जा रहा है। जिले में 501 टीम द्वारा 97,222 घर सर्वेक्षित किए गए और आज 4,019 घर सर्वेक्षित किए गए। टीम द्वारा संदिग्ध पाए गए रोगियों की 24 घंटे की भीतर सैंपलिंग कराने की कार्यवाही की जा रही है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जा रही है। पॉजिटिव मिले मरीज के संपर्कों को 48 घंटे के भीतर ट्रेस करते हुए उनकी सैंपलिंग सुनिश्चित की जा रही है।
डीएम ने सीएमओ को निर्देश दिए कि कोविड सैंपल लेने वाली टीम कोराना टेस्ट को आए प्रत्येक व्यक्ति का नाम, पता व मोबाइल नंबर नोट किया जाए। मरीज द्वारा उपलब्ध कराए गए मोबाइल नंबर और पते को एक बार सत्यापित कर लिया जाए। कोराना पॉजिटिव मिले रोगियों को गाइडलाइन के द्वारा प्राप्त सभी शर्तों का अनुपालन करने के पश्चात ही रैपिड रिस्पांड टीम द्वारा मरीज को होम आइसोलेट करना सुनिश्चित करें। कोराना पॉजिटिव मिले व्यक्ति को दो-तीन घंटे के अंदर फैसिलिटी एलोकेट उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। इसमें किसी प्रकार की कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इस मौके पर सीडीओ, जिला सर्विलांस अधिकारी, एकीकृत कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में कार्यरत सभी अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।