न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना का संक्रमण दिनोंदिन बढ़ रहा है। जिसके कारण अब जिले में कोरोना मरीजों के निकलने का सिलसिला शुरू हो चुका है। जिले में कोरोना के 13 मरीज हैं, जिनमें से आठ कोविड एल-2 अस्पताल में भर्ती हैं। एक आगरा, एक अलीगढ़ और अन्य होम आइसोलेट हैं। इसी के चलते टीबी अस्पताल में अब कोरोना के टीकाकरण केंद्र को बंद कर दिया गया है।
टीबी अस्पताल को कोविड एल-2 अस्पताल बनाया गया था, ताकि यहां पर कोरोना संक्रमित मरीजों को भर्ती किया जा सके, लेकिन कोरोना का संक्रमण कम हुआ और धीरे-धीरे जिले में कोरोना के मामले बिल्कुल समाप्त हो चुके थे। जिसके बाद टीबी अस्पताल में कोरोना टीकाकरण केंद्र बना दिया गया। यहां पर काफी दिनों से कोरोना का टीकाकरण हो रहा था, लेकिन अचानक से फिर से कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है।
इस कारण अब कोरोना के मरीजों को टीबी अस्पताल में बने कोविड एल-2 अस्पताल में भर्ती किए जाने का सिलसिला जारी हो चुका है। जिसके कारण टीबी अस्पताल परिसर को संवेदनशील मानते हुए, यहां पर अब कोरोना का टीकाकरण सत्र नहीं चल रहा है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ विजेंद्र सिंह ने बताया कि टीबी अस्पताल में चलने वाले कोरोना टीकाकरण के सत्र को बंद कर दिया गया है, क्योंकि अब यहां कोरोना के मरीजों को भर्ती किया जा रहा है।