संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
आगरा रोड स्थित गांव बरौस के संविलियन विद्यालय में पंचायत भवन के निर्माण के विरोध में बुधवार को विद्यार्थियों ने हंगामा किया। इन विद्यार्थियों के कई अभिभावकों व ग्रामीणों ने भी पंचायतघर निर्माण पर रोक लगाए जाने की मांग की और एक शिकायती पत्र डीएम को भेजा। इधर, इस मामले में एसडीएम ने एबीएसए से रिपोर्ट मांगी है।
पत्र में ग्रामीणों ने कहा कि संविलियन विद्यालय बरौस में पांच सौ से अधिक विद्यार्थी पढ़ते हैं, पहले से ही उनके लिए विद्यालय में न तो खेलने कूदने के लिए जगह है और न ही सुबह की अन्य गतिविधियों के लिए जगह है। गर्मियों में तो काफी घुटन हो जाती है। जगह इतनी कम है कि बच्चे दोपहर में ठीक से खाना नहीं खा पाते हैं।
निर्माण के दौरान कुछ पेड़ काटे जाएंगे और सबमर्सिबल भी हटा दी जाएगी। इससे बच्चों के पीने के पानी की व्यवस्था भी बाधित हो जाएगी। पत्र में समस्या के निदान की मांग की गई है। पत्र पर इशाक मोहम्मद, जावेद खां, जफरूद्दीन, रामबाबू, गफ्फार खां, असरुद्दीन, आसिफ अली, बहादुर अली, इकबाल खां, इमामुद्दीन, नवनीत, जितेंद्र राठौर, मनोहर सिंह, अनिल कुमार, अरमान आदि थे।
- विद्यालय पंचायतघर की जमीन में बना हुआ है, लेकिन संविलियन विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों के हित का ध्यान रखते हुए फिलहाल एबीएसए की रिपोर्ट आने तक पंचायत घर के निर्माण पर रोक लगाने के लिए ग्राम प्रधान से कहा गया है। मौके पर टीम को भेजकर भी पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और मामले को सुलझाने का प्रयास किया जाएगा। - विपिन कुमार शिवहरे, एसडीएम, सादाबाद।