न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के विद्यार्थी कार्य विभाग के बैनर तले बुधवार को वन विहार कार्यक्रम का आयोजन हरिगढ़ रोड स्थित रामोजी रिसोर्ट में किया गया। विद्यार्थियों ने शाखा लगाई। विभिन्न खेलों के बाद तैराकी की गतिविधि भी हुई।
कार्यक्रम में प्रथम वर्ष के संघ शिक्षा वर्ग में जाने वाले शिक्षार्थियों को राष्ट्र सेविका समिति की बहनों ने तिलक लगाकर व मिठाई खिलाकर रवाना किया। मुख्य वक्ता जिला सह संघचालक डॉ. यूएस गौड़ ने शिक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संघ शिक्षा वर्ग अनुशासन और संस्कारों की पाठशाला है। भीषण गर्मी में घर की सुख-सुविधाओं से दूर, कठिन प्रशिक्षण प्राप्त करना एक प्रकार की साधना है। 20 दिवसीय इस प्रशिक्षण से अनुशासन, आज्ञा पालन, समय का पालन जैसे गुणों का विकास कर एक अच्छे कार्यकर्ता का निर्माण होता है। उन्होंने कहा कि वर्ग प्रशिक्षण से हमारी शारीरिक, बौद्धिक, मानसिक, व्यावहारिक क्षमता का विकास होता है। कार्यक्रम के बाद सभी ने तैराकी का लुत्फ उठाया।
इस अवसर पर नगर प्रचारक चंद्रशेखर, नगर सह संघचालक डॉ. पीपी सिंह, विभाग सह कार्यवाह अजय कुलश्रेष्ठ, विभाग मुख्यमार्ग प्रमुख रवि जोशी, जिला कार्यवाह रामकिशन, जिला प्रचार प्रमुख आशीष सेंगर, जिला सह बौद्धिक प्रमुख कृष्णगोपाल, नगर कार्यवाह भानु ,सह नगर कार्यवाह टिंकू राना, नगर संपर्क प्रमुख लक्ष्मीकांत दीक्षित, नगर पर्यावरण प्रमुख अमन बंसल, नगर विद्यार्थी प्रमुख अनमोल अग्निहोत्री, भव्य सेंगर, राष्ट्र सेविका समिति की बहन टीना, सारिका आदि थीं। संवाद