हाथरस : सड़क दुर्घटना में मृत युवक लकी का फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
इगलास रोड पर गांव टुकसान के निकट शुक्रवार की शाम करीब छह बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दो युवक बुरी तरह घायल हो गए। दोनों को स्थानीय लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद दोनों के परिवार के लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। दो मौतों से परिवार में कोहराम मच गया।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव जोगिया निवासी गिर्राज किशोर का 35 साल का बेटा शिवराज उर्फ लक्की और कन्नौज जिले के छिबरामऊ निवासी विजय नंदन का 22 वर्षीय बेटा गगन मजदूरी पर खैर में चांदी का काम करते थे। गगन जोगिया में अपनी रिश्तेदारी में रह रहा था। शिवराज के मामा की सुरीर (मथुरा) में मृत्यु हो गई थी।
शिवराज उर्फ लक्की व गगन बाइक से सुरीर गए थे। वहां से लौटते वक्त इगलास रोड गांव टुकसान के निकट बाइक सवार युवकों को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों बुरी तरह लहूलुहान हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों के परिवार के लोग भी जिला अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम गृह भेज दिया। दो मौतों से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। संवाद
हाथरस : सड़क दुर्घटना में मृत युवक गगन का फाइल फोटो। संवाद- फोटो : HATHRAS