न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कार सवार हमलावरों ने बुधवार की सुबह एक दुकानदार को जहर मिली शराब पिलाकर जान लेने की कोशिश की। हमलावर बेहोशी की हालत में दुकानदार के हाथ-पैर बांधकर उसे वहीं डालकर भाग गए। बेहोशी की हालत में उसे जिला अस्पताल लाया गया। स्थिति गंभीर होने की वजह से उसे जिला अस्पताल से रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।
अलीगढ़ के थाना इगलास क्षेत्र के गांव अखैपुर निवासी सुरेश पुत्र रामखिलाड़ी इगलास रोड गांव टुकसान के पास भट्टे के सामने खल-चुनी की दुकान करता है। बुधवार की सुबह सुरेश अपनी दुकान पर आया। इसी बीच वहां पर कार में सवार होकर तीन लोग आए और शराब पीने लगे। आरोप है कि जैसे ही सुरेश अपनी दुकान के अंदर गया तो उसे तीन अज्ञात लोगों ने दबोच लिया और शराब में कुछ मिलाकर पिला दिया।
अज्ञात लोगों ने सुरेश को जान से मारने का प्रयास किया। वे अचेत अवस्था में सुरेश के हाथ बांधकर फरार हो गए। इसकी जानकारी मिलने पर सुरेश के परिवार के लोग मौके पर आए और उसे आनन-फानन उसे जिला अस्पताल ले गए। जहां से उसे गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। कोतवाली हाथरस गेट प्रभारी केडी शर्मा ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। फिर भी तहरीर मिलने पर जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद