संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
बिसावर में हुई चोरी का पांच दिन बाद भी खुलासा नहीं होने से आक्रोशित व्यापारियों ने बाजार बंद कर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। व्यापारियों का आरोप है पुलिस ने जिन लोगों को पकड़ा था उसे भी छोड़ दिया गया।
उल्लेखनीय है कि 12 मई की मध्य रात्रि को बिसावर के मुख्य बाजार स्थित गर्ग कन्फेक्शनरी से चोरों ने ढाई-साढ़े तीन लाख रुपये नकद व सामान पार कर ले गए थे। इससे पहले भी दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे चोरी हो गए थे।
उसके बाद से लगातार छोटी-मोटी चोरी की घटनाएं बाजार में हो रही है, लेकिन पुलिस के ढुलमुल रवैये कारण चोरों का हौसला बढ़ता जा रहा है। इसको लेकर व्यापारियों ने पुलिस को अलर्ट रहने एवं गश्त बढ़ाने की मांग चौकी इंचार्ज से की थी, लेकिन पुलिस ने व्यापारियों की बात नहीं सुनी। चोरी की घटना के बाद पुलिस ने इसका खुलासा करने के लिए तीन दिन का अल्टीमेटम दिया था।
सीसीटीवी में कैद युवकों को भी नहीं पकड़ पाई पुलिस
घटना के बाद क्षेत्राधिकारी पुलिस ब्रह्म सिंह एवं प्रभारी निरीक्षक शिवकुमार शर्मा गांव बिसाबर पहुंचे। उन्होंने जांच पड़ताल करते हुए व्यापारियों से भी वार्ता की। घटना को पांच दिन बीत जाने के बाद जब चोरी की घटना का खुलासा नहीं हुआ तो व्यापारियों का धैर्य जवाब दे गया।
व्यापारियों का कहना है कि पुलिस ने चोरी की घटना के खुलासे के लिए दो युवकों को पकड़ा था, लेकिन दोनों को छोड़ दिया। सीसीटीवी कैमरे चोरी करते समय तीन युवक अन्य सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए थे, आज तक पुलिस उन तीनों युवकों को अभी तक नहीं पकड़ पाई।