अवर भूमिगत जलाशय बनाने के लिए पालिकाध्यक्ष ने किया भूमि पूजन
अमृत योजना जोन-6 के तहत होगा अवर व भूमिगत जलाशय का निर्माण
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। अमृत योजना के अंतर्गत जोन-6 में अलीगढ़ रोड पर अक्रूर इंटर कॉलेज क्रीड़ास्थल की जमीन अवर जलाशय एवं भूमिगत जलाशय बनाने के लिए नगर पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा, अक्रूर इंटर कॉलेज की मैनेजमेंट कमेटी व जल निगम अधिकारियों ने भूमि पूजन किया।
नगर पालिकाध्यक्ष ने बताया कि अक्रूर इंटर कॉलेज की मैनेजमेंट कमेटी, डीआईओएस द्वारा स्वीकृति दी गई है। इसके बाद भूमिपूजन किया गया है। अमृत योजना के अंतर्गत 3,15,000 लीटर का भूमिगत वाटर टैंक एवं 8,00,000 लीटर क्षमता के अवर जलाशय एवं तीन नलकूपों का निर्माण कराया जाना है। स्थल की चाहरदीवारी भी कराई जाएगी। रेलवे फाटक से अलीगढ़ रोड की ओर रहने वाले नागरिकों को पेयजलापूर्ति दी जा सकेगी।
ईओ डॉ. विवेकानंद ने बताया कि अलीगढ़ रोड वाले जोन का कार्य अवर जलाशय के कारण रुका पड़ा था, लेकिन अवर जलाशय के लिए भूमि मिलने के पश्चात निर्माण शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा। इस अवसर पर जल निगम एक्सईएन आरके शर्मा, चंद्रशेखर, कुलदीप कुमार, डंबर सिंह, संजीव शर्मा, सुरेश चंद्र आंधीवाल, बांकेबिहारी अपना वाले, राकेश कुमार, सतीश गुप्ता, ओपी गुप्ता आदि मौजूद थे।