संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
नई शिक्षा नीति के तहत छात्राओं को स्वावलंबित बनाने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा कौशल विकास कार्यक्रम को प्रोत्साहित किया जा रहा है। जिसे लेकर श्री रामेश्वरदास अग्रवाल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बीए और बी कॉम प्रथम वर्ष के प्रथम सेमेस्टर में रोजगार परक कोर्स के तहत इंटीग्रेटेड फूड, सर्टिफिकेट इन जीएसटी, सर्टिफिकेट इन योगा और प्रोफिशिएंसी इन स्पोकन इंग्लिश कोर्स संचालित किए जा रहे हैं।
प्राचार्या डॉ. इंदू वार्ष्णेय ने बताया कि कुलपति डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा द्वारा प्रत्येक कोर्स की फीस 250 रुपये निर्धारित की गई है। छात्राओं को इन चारों कोर्स में से किसी एक का चयन करना अनिवार्य है।
बीए प्रथम वर्ष में अध्ययनरत उन सभी छात्राओं को सूचित किया जाता है जिन्होंने अभी तक मेजर-माइनर और रोजगार परक विषयों का चयन नहीं किया है। सभी छात्राएं 25 फरवरी की सुबह 11 बजे कॉलेज में उपस्थित हों अन्यथा वे विश्वविद्यालय के परीक्षा फार्म भरने से वंचित रह जाएंगी।