पुलिस अभिरक्षा में खडे़ वाहन चोर गिरोह के सदस्य चोरी की बाइकों के साथ। संवाद
- फोटो : SASNI
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)।
कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात को चेकिंग के दौरान नानऊ रोड स्थित किला तिराहे से अंतर्जनपदीय वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने चोरी की गईं छह बाइक, तमंचा कारतूस और छुरा बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र सिंह राघव ने बताया कि बृहस्पतिवार को वह उपनिरीक्षक सतीश कुमार सिंह व राजेश कुमार यादव के साथ नानऊ रोड पर गश्त कर रहे थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि नानऊ अड्डा किला तिराहे पर तीन बदमाश चोरी की बाइक लेकर निकलने वाले हैं। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम तालिब पुत्र नवाब सिंह निवासी नया बिजलीघर सासनी, पवन पुत्र जय सिंह, रामकुमार पुत्र दीन दयाल निवासी नगला मियां थाना सासनी बताया है। पुलिस ने आरोपियों से कब्जे से एक तमंचा दो कारतूस 12 बोर, दो अवैध छुरा एवं छह चोरी की बाइकें बरामद की हैं।
कोतवाल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बाइक चोरी करने के 18 मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि बताया है कि वह लोग संयुक्त रूप से रहते हैं। संगठित गिरोह के सदस्य हैं। जनपद एवं जनपद के बाहर भीड़ भाड़ वाले इलाकों एवं महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों से बाइक चोरी कर ले जाते हैं। सासनी के केला फार्म्स, जलेसर रोड, कमाल होटल, इंद्राणी गार्डन, निक्की की मिठाई की दुकान से उन्होंने बाइकें चोरी की हैं। एक बाइक उन्होंने जनपद अलीगढ़ के अतरौली से भी चोरी की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसआई संजय भदौरिया, आरक्षी अमित कुमार, नरेश कुमार, रिंकू राजौरा शामिल थे। संवाद