न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
एक अप्रैल से लेकर अब तक जिले के 53 क्रय केंद्रों पर तीन लाख क्विंटल गेहूं की खरीद हो चुकी है। अब तक करीब छह हजार किसानों ने अपना गेहूं क्रय केंद्रों पर बेचा है। लक्ष्य के सापेक्ष 50 फीसदी गेहूं की खरीद हो चुकी है। अभी 15 जून तक क्रय केंद्रों पर गेहूं खरीदा जाएगा।
उल्लेखनीय है कि कोरोना काल में जिले में गेहूं की खरीद धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रही है। अब तक जिले के 53 क्रय केंद्रों पर छह हजार किसानों ने पंजीकरण कराने के साथ तीन लाख क्विंटल गेहूं बेचा है। क्रय केंद्र प्रभारी किसानों से लगातार संपर्क कर रहे हैं और यह पूछ रहे हैं कि वह अपना गेहूं लेकर कब क्रय केंद्रों पर आ रहे हैं।
आला अफसर भी गेहूं खरीद केंद्रों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। गल्ला मंडी बंद होने का सीधा फायदा क्रय केंद्रों को मिल रहा है। इस कारण भी गेहूं खरीद का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। डिप्टी आरएमओ राजेश कुमार का कहना है कि अब तक तीन लाख क्विंटल की खरीद के साथ जिले में अब तक लक्ष्य के सापेक्ष 50 प्रतिशत गेहूं की खरीद हो चुकी है। 15 जून तक गेहूं की खरीद निरंतर जारी रहेगी।