-हाथरस : कोतवाली सदर पुलिस की हिरासत में ठगी करने के आरोपी।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी करने वाले तीन शातिर आरोपियों को कोतवाली सदर पुलिस और साइबर सैल की टीम ने संयुक्त रूप से गिरफ्तार किया है। ये लोग विभिन्न कंपनियों में नौकरी लगवाने के नाम पर फर्जी ज्वाइनिंग लेटर देकर धोखाधड़ी कर रुपये ऐंठते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लैपटॉप, 28 फर्जी ज्वाइनिंग लेटर, दो पंपलेट और आवेदन फॉर्म बरामद किए हैं।
शहर के बड़ी कोठी कमला बाजार निवासी नितिन वर्मा पुत्र गिर्राज किशोर वर्मा और यश कौशिक पुत्र उमेश निवासी बौहरे वाली रोड मुरसान गेट से जियो रिलायंस कंपनी का फर्जी ज्वाइनिंग लेटर देकर धोखाधड़ी कर रुपये ऐंठ लिए थे। इस संबंध में नितिन वर्मा की तहरीर पर कोतवाली सदर में मुकदमा दर्ज हुआ। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने अभियुक्तों की तत्काल गिरफ्तारी के लिए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हाथरस व साइबर सैल को निर्देशित किया गया था।
अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नगर के कुशल नेतृत्व में कोतवाली सदर पुलिस व साइबर सैल की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। पुलिस ने तरुण पुत्र जगलाल निवासी गांव कढ़िगा मुशहारी थाना मगाइडी जिला सारन बिहार, अतुल पुत्र ऊदल निवासी रसीदपुर थाना जलेसर जनपद एटा और गोकुल पुत्र अंतराम निवासी नयाबांस थाना शमशाबाद जिला आगरा को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थाना कोतवाली के अरविंद राठी, मैराज अली प्रभारी साइबर सैल, एसआई इजहार अहमद, एसआई सुबोधमान साइबर सैल, गौरव तोमर व ललित कुमार सिंह शामिल थे।