हाथरस: तरफरा रोड पर थैला बनाने की फैक्टरी में चोरी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली सदर क्षेत्र के तरफरा रोड स्थित थैला बनाने की फैक्टरी को बदमाशों ने निशाना बनाया। फैक्टरी का ताला तोड़कर बदमाश हजारों रुपये कीमत का सामान चोरी कर ले गए। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
अलीगढ़ रोड निवासी कृष्ण कुमार पुत्र अनिल कुमार की तरफरा रोड पर थैला बनाने की फैक्टरी है। न्यू इंडिया कैलेंडर कंपनी भी इन्हीं की है। शनिवार और रविवार की रात को बदमाश फैक्टरी का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हो गए।
यहां पर उन्होंने सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया और फिर यहां से वह हजारों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। इसकी जानकारी कृष्ण कुमार को रविवार की सुबह हुई तो वह फैक्टरी पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया। कुछ लोगों से घटना के बारे में पूछताछ भी की।