न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र में शातिर चोरों ने तीन जगहों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। पोस्टमार्टम हाउस के पीछे वाली सड़क स्थित मंदिर से बदमाश भगवान की पीतल की मूर्ति, गदा और त्रिशूल को भी चोरी कर ले गए। वहीं बाबुलनाथ मंदिर से एक घंटी चोरी कर ले गए।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के रमनपुर रोड जिला अस्पताल परिसर के पीछे नवल नगर निवासी जितेंद्र स्वरूप फौजी का मंदिर है। मंदिर में सभी देवी-देवताओं की मूर्ति लगी हुई हैं। इनमें देवी-देवताओं की पीतल की मूर्तियां भी थीं। सोमवार-मंगलवार की रात को मंदिर के दरवाजे की ताली तोड़कर चोर अंदर दाखिल हुए और वहां से पीतल की मूर्ति, हनुमान जी की गदा और त्रिशूल के अलावा दानपात्र में रखे रुपये चोरी कर ले गए।
सुबह मंदिर में चोरी की घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने मामले की जानकारी ली। इसके अलावा जोगिया रोड स्थित बाबुलनाथ मंदिर से भी चोर एक पीतल की घंटी खोल ले गया। इसके अलावा रमनपुर में भी एक घर में बदमाशों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है। संवाद