चोरी की घटना के बाद दुकान पर पहुंचे लोग। संवाद
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
कस्बा में चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार की रात कस्बा के जीटी रोड स्थित ईदगाह मोड़ के सामने स्थित एक किराना व्यापारी की दुकान को चोरों ने पिछले दो-तीन साल के अंदर दसवीं बार निशाना बनाया है। चोर दुकान में कूमल लगा कर घुसे और लाखों रुपये के किराने का सामान व नकदी पार कर ले गए।
घटना की जानकारी सुबह दुकान खुलने पर हुई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। व्यापार मंडल ने पुलिस से शीघ्र घटना का खुलासा करने की मांग की है। गेट बंद कॉलोनी निवासी सीताराम अग्रवाल की ईदगाह मोड़ के सामे लक्ष्मी ट्रेडर्स के नाम से किराने की दुकान है।
सोमवार की रात चोरों ने कोहरे व ठंड का फायदा उठाते हुए दुकान में कूमल लगा दिया। चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के तार भी काट दिए। हालांकि, चोरों की हरकत एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। चोर दुकान में रखे लाखों रुपये का किराने का सामान व नकदी ले गए।
मंगलवार सुबह दुकान खुलनेे के बाद अंदर का दृश्य देख सीताराम के पैरों तले जमीन खिसक गई। दुकान में सामान बिखरा हुआ था और ऊपर कूमल लगा हुआ था। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के नगर अध्यक्ष मनोज पंडित पदाधिकारियों के साथ मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने कहा कि चोरों ने पिछले दो-तीन साल में इस दुकान को लगभग 10 बार निशाना बनाया है। पहले भी इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई गई है लेकिन, पुलिस आज तक चोरी का खुलासा नहीं कर पाई। यहीं वजह है कि अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है और वे घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। व्यापार मंडल ने शीघ्र चोरी का खुलासा करने की मांग की है।