न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के क्रम में अब हर परिवार को पॉकेट वोटर गाइड उपलब्ध कराई जाएगी। सभी बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) अपने क्षेत्र के मतदाताओं के प्रत्येक घर में पॉकेट वोटर गाइड पहुंचाएं। इसके जरिये मतदाता अपने मताधिकार के अधिकारों के साथ साथ मतदान के बारे में जानकारी हासिल कर सकेंगे।
भारत निर्वाचन आयोग की ओर से इस बार हर मतदाता को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए कई अनूठी पहल शुरू की गई है। इस बार विभिन्न कार्यक्रमों के जरिये मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अब मतदाताओं के लिए पॉकेट वोटर गाइड तैयार की गई है। 12 पेज की इस गाइड बुक में मतदाता को मताधिकार के बारे में जानकारी मिल सकेगी।
मतदान जाने से पूर्व बरती जाने वाली सावधानियां, वोटर लिस्ट में अपना नाम चेक करना, हेल्पलाइन नंबर आदि के बारे में भी मालूम हो सकेगा। अब इस पॉकेट वोटर गाइड को बीएलओ के जरिये मतदाताओं के घर-घर पहुंचाने के लिए कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। प्रशासन की ओर से बीएलओ को अपने क्षेत्र के मतदाताओं के प्रत्येक घर में पहुंचाने के लिए पॉकेट वोटर गाइड उपलब्ध कराई जाएगी। बीएलओ इस पॉकेट वोटर गाइड के जरिये मतदाताओं को जागरूक भी करेंगे। संवाद