संवाद न्यूज एजेंसी, सहपऊ/सादाबाद।
क्षेत्र के गांव बिसावर में बुधवार-बृहस्पतिवार की रात को चोर बाजार में दुकानों और मकानों के बाहर लगे कुल 14 सीसीटीवी कैमरों को चोरी कर ले गए। चोरों के चेहरे सीसीटीवी कैमरों की हार्ड डिस्क में कैद हो गए। सीसीटीवी फुटेज में तीन चोरों के दिखाई दे रहे हैं।
तीनों ने अपने मुंह कपड़े से ढंके हुए हैं। इनमें से दो चोरों ने लाल रंग की हाफ टी शर्ट पहन रखी है। इस संबंध में पुलिस चौकी बिसावर में तहरीर दी गई है। पुलिस भी सीसीटीवी की फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुट गई है। चोरों ने मुख्य बाजार, सराफा बाजार, पैठ बाजार, चामड़ मोहल्ला एवं मोहल्ला मुकुंदपुर में दुकानों और मकानों पर लगे लगभग 14 सीसीटीवी कैमरों को उखाड़ लिया।
पीड़ितों को बृहस्पतिवार की सुबह दुकान खोलने पर पता चला कि दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे चोरी हो गए हैं। मुख्य बाजार में आकाश बंसल के यहां से दो कैमरे, रमेशचंद्र बघेल, सौरभ सेठ, पिंटू शर्मा की दुकानों से एक-एक कैमरा, सराफा बाजार से भोलू चौधरी के दुकान से एक कैमरा, कुक्की सेठ, यश की दुकान, भानू चौधरी की दुकान, पैठ बाजार में दाऊदयाल अग्रवाल, चामड़ मोहल्ला में मुकेश जनरल स्टोर से दो कैमरे, मुकुंदपुर मोहल्ला निवासी सतीशचंद्र के मकान से एक कैमरा चोरी किया गया है।
कैमरे चोरी होने के बाद लोगों में भय व्याप्त हो गया है। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से गांव में गश्त बढ़ाने की मांग की है। बृहस्पतिवार की शाम को कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने भी बिसावर बाजार में जाकर लोगों से चोरी के मामले में पूछताछ की।