आगरा रोड पुलिस चौकी के सामने तीन दुकानों में लगाया चोरों ने कूमल। संवाद
- फोटो : HATHRAS
संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
हाथरस के चोरों में अब पुलिस का खौफ नहीं रह गया है। यहां चोर आए दिन वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। रविवार की रात आगरा रोड स्थित पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर बदमाश तीन दुकानों की दीवार काटकर हजारों रुपये का सामान पार कर ले गए। पुलिस अब मामले की छानबीन में जुटी है।
कोतवाली सदर इलाके के आगरा रोड पर चकलेश्वर मंदिर के निकट ही जयसिंह निवासी आवास विकास की परचून, मुकेश शर्मा निवासी नवीपुर की आरती बेल्डिंग मशीन और जितेंद्र निवासी गांव पापरी की पंखा कूलर की रिपेयरिंग की दुकान है। रविवार सुबह जब तीनों दुकान खोलने के लिए पहुंचे तो देखा कि पीछे से दीवार काटकर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है।
परचून की दुकान से शीतल पेय की बोतल, चिप्स व अन्य सामान चोरी हो गया। वहीं, बेल्डिंग करने वाली दुकान से रॉड व हीट मशीन चोरी हो गई। इसके अलावा चार पंखा व कॉपर की तार चोरी हो गई। तीनों दुकानों से चोरी हो जाने की सूचना पर लोग एकत्रित हो गए।
सूचना पर कोतवाली सदर पुलिस मौके पर पहुंच गई। तीनों दुकानदारों ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर पुलिस को दी। दुकानदारों का आरोप है पिछले कई सालों से कई बार दुकानों में चोरी की वारदात हो चुकी है। कोतवाली सदर प्रभारी अरविंद कुमार राठी का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है। जांच पड़ताल के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।